गंध की रागिनी

आपका स्पर्श पा और मदमय हुई
प्रीत पीती हुई जगमगा चाँदनी

आपके पांव छूकर बढ़ा इस तरफ़
संदली एक झोंका महकता हुआ
था अलक्तक के रंगों से भीगा हुआ
इसलिये रंग वादी में भरता हुआ
छेड़ता शाख पर पत्तियों को मचल
एक चुम्बन कली के जड़ा गाल पर
फिर बजाने लगा जलतरंगें मधुर
बाग के बीच बैठे हुए ताल पर

फूल की क्यारियाँ छेड़ने लग गई
गंध की एक मादक मधुर रागिनी

आपके केश से उठ घटा सावनी
छाई अंबर में जब ले के अँगड़ाईयाँ
खुश्बुओं से दिशायें महकने लगीं
गीत गाने लगीं झूम परछाइयाँ
चातकों के हुए स्वप्न साकार सब
सीपियां मौक्त-श्रॄंगार करने लगीं
यज्ञ की भूमि पर एक कदली तरू
से महकती हुई लौ उमड़ने लगी

वेद की कुछ ॠचायें लगीं झूमने
आपके कंठ की हो के अनुगामिनी


आपकी उठ गई जो पलक तो छिटक
कर गिरी, गुनगुनी धूप दालान में
जितने साये खड़े बुर्जियों पर छुपे
गुम हुए वे सभी अपनी पहचान में
बात दीवार से चौक करने लगा
खिड़कियाँ झाँक कर देखती रह गईं
पौलियां देहरी, खनखनाते हुए
बात गलियों के कानों में कहती रहीं

ईर्ष्या से जली, आपको देखकर
खोल नभ के झरोखे, चपल दामिनी

आपके मुख से दीपित हुई जो निशा
रात पूनम की जैसे लगा आ गई
आपकी चूनरी जो हवा में उड़ी
तो गगन पर सितारों की रुत छा गई
तैरने लग गईं नभ की मंदाकिनी
में हजारों उमंगों की नौका सजी
भोर के द्वार से सोलह श्रॄंगार कर
एक शहनाई फिर राग से बंध बजी

बाग कर आरती कर रहे हैं स्तुति
एक तुम ही बहारों की हो स्वामिनी

अस्मिता खो गई

रोशनी दायरों में पिघलने लगी
चाँदनी आयेगी, ये न निश्चित हुआ, दस्तकें तट पे दे धार हँसने लगी

टिमटिमाते हुए कुमकुमों से झरे
जुगनुओं के महज पंख टूटे हुए
फ़ुनगियों के लटकते रहे शाख से
साये जो दोपहर के थे छूटे हुए
दलदली घास अँगड़ाई लेती रही
कोई आये उठाने उसे सेज से
आस के स्वप्न तैरा किये आँख की
झील में,बिम्ब से एंठ रूठे हुए

सांझ के केश बिखरे, घनी स्याहियां बून्द बन कर गगन से बरसने लगीं
रोशनी दायरों में पिघलने लगी

पत्र ने सरसराते हुए कुछ कहा,
जब इधर से गया एक झोंका मगन
गुलमोहर ने लुटाया उसे फूल पर
थी पिरोकर रखी ढेर उर में अगन
पारिजातों की कलियों ने आवाज़ दे
भेद अपना बताया है कचनार को
चांदनी कैद फिर भी रही रात भर
चांद से न उड़े बादलों के कफ़न

एक कंदील थी जो निशा के नयन में किरन बन गयी, फिर चमकने लगी
रोशनी दायरों में पिघलने लगी

बढ़ रहे मौन के शोर में खो गयी
गुनगुनाती हुई एक निस्तब्धता
पल सभी मोड़ पर दूर ठहरे रहे
ओढ़ कर एक मासूम सी व्यस्तता
रात की छिरछिरी ओढ़नी से गिरा
हर सितारा टँगा जो हुआ, टूट कर
अपनी पहचान को ढूँढ़ती खो गई
राह में आ भटकती हुई अस्मिता

ओढ़ मायूसियों को उदासी घनी, आस पर बन मुलम्मा संवरने लगी
रोशनी दायरों में पिघलने लगी

उन गीतों को गाऊं क्योंकर

तुमने जिनको स्वर न दिया, उन गीतों को मैं गाऊं क्योंकर

छन्दों की थाली में मैने अक्षर अक्षर पुष्प संवारे
भावों का जलकलश लिये, आराध्य देव के पांव पखारे
लिये भावनाओं के कुंकुम अक्षत से श्रॄंगार किया है
धड़कन को कर दीप, द्वार पर बिखराये मैने उजियरे

किन्तु झरी पांखुर वाले हैं सुमन, शब्द मात्राओं के बिन
मुरझाये फूलों को पिय के फिर मैं पांव चढ़ाऊं क्योंकर


अभिमंत्रित करके सपनों को सौगंधों के गंगाजल से
पलकों पर टांका, सज्जित कर सुरभित संध्या के काजल से
अभिलाषा की वेणी में गूंथे आशा के कई सितारे
जो उधार लेकर आया था रजनी के झीने आंचल से

किन्तु स्वरों की पायल ने जब सब अनुबन्धन तोड़ दिये हैं
तुम्ही कहो झंकॄत घुंघरू सा मैं आखिर बन जाऊं क्योंकर


भोजपत्र पर लिखी कथाओं को फिर फिर मैने दोहराया
चित्रित एक अजंता को मैं सुधियों में भर भर कर लाया
मीनाक्षी,कोणार्क,पुरी के शिल्पों की अभिव्यक्ति चुरा कर
अनुभूति के रामेश्वर पर फिर मैने अभिषेक चढ़ाया

पर हर पल बिखरा, झंझा में ध्वंस हुए ता्शों के घर सा
तुम्हीं बताओ फिर खंडहर पर नव निर्मान बनाऊँ क्योंकर ??

गीत बनने से पहले बिखरते रहे

आपका ये तकाजा लिखूँ गीत मैं
छंद बनने से पहले बिखरते रहे

अक्षरों के लगा पंख उड़ न सके
भाव बैठे थे अनुभूति की शाख पर
मन की खिड़की पे लटकी हुईं चिलमनें
देख पाये न बाहर तनिक झांक कर
ज्यों गिरा नैन बिन, नैन वाणी बिना
भाव शब्दों बिना, शब्द भावों कटे
एक जुट हो कभी वाक्य बन न सके
शब्द सारे रहे हैं गुटों में बँटे

और अभिव्यक्तियों के निमिष, आँख की
कोर पर आये, आकर पिघलते रहे

शब्द को चूमने को हुई आतुरा
लेखनी पॄष्ठ के पंथ पर है खड़ी
भावनाओं की परवाज को बाँध कर
झनझनाती है बिखराव की हथकड़ी
जो अलंकार हैं उनको आवारगी
ले गई साथ अपने कहीं दूर ही
उठ न पाई है बिस्तर से उपमा कोई
साँझ आलस से थक कर हुई चूर थी

दंश तीखे दिये जा रही व्याकरण
जोकि सीधे ह्रदय में उतरते रहे


फिर ये सोचा लिखूँ, नाव, नदिया कमल
फूल जूही के साया अमलतास का
रंग सिन्दूर का, स्वर्ण प्राची के पल
और सम्बन्ध आशा से विश्वास का
गागरी भर तॄषा, आंजुरि तॄप्ति को
प्रीतमय दॄष्टि की अनवरत साधना
डूब ॠतुगंध में मुस्कुराती हुइ
गुनगुनाती हुई एक शुभकामना

पर कलम की गली पूर्ण निर्जन रही
रेत के बस बगूले उमड़ते रहे

लिख न पाया तो सोचा कि गाऊं मैं, मन
की अंधेरी गुफ़ाओं की आवाज़ को
सरगमों के रुदन को जो पीता रहा
सांस की पीर के एक उस साज को
अनकही रह गई अधखुले होंठ पर
थरथराती हुई एक सौगन्ध को
प्राण ने चेतना से कभी था किया
एक अव्यक्त अभिप्राय अनुबन्ध को

थाम पाये न झंकार की बाँह स्वर
तार की अलगनी पर फ़िसलते रहे

सांकलों में घिरी याद की कोठरी
कोई चाबी नहीं खोल ताले सके
घुट अंधेरे में बैठी हैं अंगनाईयां
ताक पर सारे जाकर उजाले टँगे
नीम की छांह दीवार ने छीन ली
सावनों के अधर उग रही प्यास है
जिसकी सोचा कि थामूँ तनिक उंगलियां
राह भटका हुआ वो भी मधुमास है

पूजते हम रहे पंचमी को मदन
और आशाओं के पात झरते रहे

टूटने लग गई सांस की लय-गति
ताल धड़कन की बेताल होने लगी
दायरे में घिरीं भावना से परे
अर्थ अनुभूतियां आज खोने लगीं
स्वर विमुख हो गया, शब्द आया नहीं
और विद्रोह भाषा किये जा रही
राग छूटे, न गंधें हवा में उड़ीं
स्पर्श में कोई पांखुर नहीं आ रही

हम समर्पित किये जा रहे अब कलम
शब्द जिससे निगाहें बदलते रहे

बस घटा रो गई

ताल पर धड़कनों की नहीं बज सकीं
सांस की सरगमें लग रहा सो गईं

शब्द ने कल भी चूमा नहीं था इन्हें
अधलिखे रह गये पॄष्ठ सब आज भी
कोई परछाईं तक भी नहीं दिख सकी
वीथियों में भटकते हुए याद की
मन के दर्पण में छाई हुई धुंध में
सारे आकार घुलते हुए खो गये
उनके अंकुर न फूटे बदल ॠतु गईं
बीज जो थे ह्रदय में कभी बो गये

शून्य बन कर दिवाकर क्षितिज पर उगा
रोशनी अपनी पहचान तक खो गई

स्वप्न की कूचियां, चित्र कल के बनें
कोशिशों में उलझ्ती हुई रह गईं
फूल सूखे किताबों में मिल न सके
आंधियों में सभी पांखुरी उड़ गईं
गंध को पी गई, वक्त की इक हवा
छाप होठों की रूमाल से धुल गई
विस्मॄति के अंधेरे घने साये में
आकॄति मन में जितनी बसीं घुल गईं

और सावन की राहों से बिछुड़ी हुई
चार आंसू, घटा एक आ रो गई

फिर घिरे संशयों के कुहासे घने
धुन्ध में डूब कर पंथ सब रह गये
आज निष्ठा हुई बुझ चुके दीप सी
शेष संकल्प थे जो सभी बह गये
मौसमों ने चुरा रंग वनफूल के
घाटियों पर घनी पोत दीं स्याहियां
तूलिका रंग सिन्दूर के ढूँढ़ते
है भटकती फिरी आठ अँगनाईया

बिम्ब अँगड़ाई लेकर लगे पूछने
प्रीत की अस्मिता अब किधर को गई

इसीलिये मैं मौन रह गया

एक तुम्हारा प्रश्न अधूरा, दूजे उत्तर जटिल बहुत था
तीजे रुंधी कंठ की वाणी, इसीलिये मैं मौन रह गया

बचपन की पहली सीढ़ी से यौवन की अंतिम पादानें
मंदिर की आरति से लेकर मस्जिद से उठती आजानें
गिरजे की घंटी के सुर में घुलती हुई शंख की गूँजें
थीं हमको आवाज़ लगातीं हम आकर उनको पहचानें

लेकिन पिया घुटी में जो था, उसका कुछ प्रभाव ऐसा था
परछाईं में रहे उलझते, और सत्य हो गौण रह गया

लालायित हम रहे हमेशा, आशीषों के चन्द्रहार के
और अपेक्षित रहे बाग के दिन सारे ही हों बहार के
स्वर्ण-पत्र पर भाग्य लिखेगा सदा, हमारा भाग्य नियंता
और कामनायें ढूंढ़ेंगी, रह रह कर हमको पुकार के

जब ललाट पर लगीं उंगलियां, हमने सोचा राजतिलक है
देखा दर्पण में तो पाया, केवल लगा डिठौन रह गया

सदा शीर्ष के इर्द गिर्द ही रहीं भटकतीं अभिलाषायें
और खोजतीं केवल वे स्वर, जो श्रवनामॄत मंत्र सुनायें
पक्षधार हो द्रोण, कर सके, एकलव्य हर एक नियंत्रित
और दिशायें विजयश्री की धवल पताकायें फ़हरायें

जीवन के इस बीजगणित के लेकिन समीकरण सब उलझे
जो चाहा था पूरा हो ले, वो ही आधा-पौन रह गया

जहां लिया विश्राम काल की गति ने एक निमिष को रुककर
थमे हुए हैं जीवन के पल, अब तक उसी एक बिन्दु पर
राजसभा में ज्यों लंका की, पांव अड़ाया हो अंगद ने
या इक राजकुंवर अटका हो, चन्दा को पाने के हठ पर

बारह बरस बदल देते हैं, मिट्टी की भी जर्जर काया
ढूंढ़ रहा हूँ कोई बताये, ये सब बातें कौन कह गया ?

संभव है इस बार

संभव है इस बार सदी के बँधे हुए बन्धन खुल जायें
संभव है इस बार आंसुओं से सारे क्रन्दन धुल जायें
संभव है इस बार नदी के तट की उजड़ी हुई वाटिका
में लहरों से सिंचित होकर महकों के चंदन घुल जायें


जगा रहाहूँ आज नये स्वर, एक यही मैं बात सोचकर
ओ सहभागी कंठ जोड़ लो अपना तुम भी आगे बढ़ कर

माना कल भी घिर आये थे ऐसे ही आशा के बादल
माना इसीलिये खोली थी कलियों ने सुधियों की सांकल
माना कल भी पनघट पर था रीते कलशों का सम्मेलन
माना कल भी गाता था मन मेरा ये आवारा पागल

किन्तु मेरे सहयोगी ! क्षण में सब कुछ सहज बदल जाता है
लिखा हुआ बदलाव समय की उठती गिरती हर करवट पर

साक्षी है इतिहास कि स्थितियां सब परिवर्तनशील रही हैं
गंगायें शिव के केशों से बिना रुके हर बार बही हैं
सब कुछ सम्भव, सब क्षणभंगुर, कहते रामायण, सुखसागर
विश्वासों में ढले दीप को कभी ज्योति की कमी नहीं है

तुम भी मेरे संकल्पों में आओ अपना निश्चय घोलो
तब ही बरसेगी अभिलाषा की अमॄतमय घटा उमड़ कर

एक किरण बन गई चुनौती गहन निशा के अंधियारे को
एक वर्तिका है आमंत्रण, दिन के उज्ज्वल उजियारे को
एक पत्र की अंगड़ाई से उपवन में बहार आ जाती
एक कदम आश्वासन देता है राहों का बंजारे को

एक गीत की संरचना में जुड़ी हुई इसलिये लेखनी
शत सहस्त्र गीतों में निखरे शारद का आशीष निखर कर

नजर हो चुकी है सन्यासी

ॠष्यमूक पर बैठे बैठे हमने सारी उमर गँवा दी
किन्तु न आया राह भटक भी, इस पथ पर कोई वनवासी

अपनी परछाईं से भी हम
रहे प्रताड़ित थे हतभागे
आतुर थे इक दिवस समय ये
करवट कोई लेकर जागे
तने शीश पर के वितान के
अँधियारे को पी ले कोई
और दिशा की देहरी चूमें
आकर कभी रश्मियाँ खोई

दस्तक से छिल चुकी हथेली में रेखाओं को तलाशते
अब तो कुशा कमंडल लेकर, नजर हो चुकी है सन्यासी

बारह खानों में घर अपना
बना बैठ रह गये सितारे
था अभिमान बड़ा गुरुओं को
करते सभी समन्वय हारे
जो मध्यम में रहे पिसे वह
दशा न बदली पल भर को भी
उठे हाथ थक गये, थामने
बढ़ा न कोई हो सहयोगी

उलझे समीकरण प्रश्नों को और जटिल करते जाते हैं
कोई हल संभावित होगा, आशा भी न बची जरा सी

नयनों की फुलवारी में बस
पौधे उगे नागफ़नियों के
रिश्ते जितने जुड़े बहारों से
सारे हैं दुश्मनियों के
चन्दन हुइ न देह, लिपटते
रहे किन्तु आ आकर विषधर
नीलबदन हो गये, मिला जो
जीवन का वह रस पी पीकर

आशाओं का लुटा चन्द्रमा, अभिलाषा की सूखी नदिया
अँगनाई में पांव पसारे, बैठी बस घनघोर उदासी

तुम्हारे कुन्तलों को छेड़ने की चाह

तुम्हारे कुन्तलों को छेड़ने की चाहतें लेकर
हवाओं ने घटाओं से पता पूछा तुम्हारा है

गगन की वीथियों में थीं भटकती भोर से संध्या
लगीं थीं ऊबने कोई न साथी साथ में पाकर
अषाढ़ी एक बदली को गली के मोड़ पर देखा
गईं फिर दौड़ पकड़ी बाँह उसकी पास में जाकर

कहा अब है सुनिश्चित कुछ चिकुर लहरायेंगें नभ में
तुम्हारा आगमन इस बात का करता इशारा है

कई दिन हो गये बेचारगी से हाथ को मलते
नहीं कुछ खेलने को साथ में कोई सहेली है
जरा भी बैठती इक पल नहीं है एक मूढ़े पर
यही है बात शायद इसलिये घूमे अकेली है

तुम्हारा चित्र देखा एक दिन पुरबाई के घर में
तभी से हर गली हर मोड़ पर तुमको पुकारा है

बुलाया चाँदनी को नाम ले लेकर तुम्हारा ही
सुरभि से पूछती हर बार उद्गम है कहाँ बोलो
मचल कर सरगमों की रागिनी से ज़िद किये जाती
कहाँ से तान पाई है जरा ये भेद तो खोलो

सुरभि की, चाँदनी की, रागिनी की स्रोत तुम ही हो
तभी बन याचिका इनको उमंगों से निहारा है

कितने गीत और लिखने हैं ?

आह न बोले, वाह न बोले
मन में है कुछ चाह न बोले
जिस पथ पर चलते मेरे पग
कैसी है वो राह न बोले
फिर भी ओ आराध्य ह्रदय के पाषाणी ! इतना बतला दो
कितने गीत और लिखने हैं ?
कितने गीत और लिखने हैं, लिखे सुबह से शाम हो गई
थकी लेखनी लिखते लिखते, स्याही सभी तमाम हो गई

संझवाती, तुलसी का चौरा, ले गुलाब, गुलमोहर चन्दन
मौसम की हर अँगड़ाई से मैने किये नये अनुबन्धन
नदिया, वादी, ताल, सरोवर, कोयल की मदमाती कुहु से
शब्दों पर आभरण सजा कर, किया तुम्हारा ही अभिनन्दन

किन्तु उपासक के खंडित व्रत जैसा तप रह गया अधूरा
और अस्मिता दीपक की लौ में जलकर गुमनाम हो गई

अँधियारी रजनी में नित ही रँगे चांदनी चित्र तुम्हारे
अर्चन को नभ की थाली में दीप बना कर रखे सितारे
दिन की चौखट पर ऊषा की करवट लेकर तिलक लगाये
जपा तुम्हारा नाम खड़े हो, मैने निमिष निमिष के द्वारे

बन आराधक मैने अपनी निष्ठा भागीरथी बनाई
लगा तुम्हारे मंदिर की देहरी पर वह निष्काम हो गई

है इतना विश्वास कि मेरे गीतों को तुम स्वर देते हो
सागर की गहराई, शिखरों की ऊंचाई भर देते हो
भटके हुए भाव आवारा, शब्दों की नकेल से बाँधे
शिल्पों के इंगित से ही तुम उन्हें छंदमय कर देते हो

कल तक मेरे और तुम्हारे सिवा ज्ञात थी नहीं किसी को
आज न जाने कैसे बातें यह, बस्ती में आम हो गईं

जो अधरों पर संवरा आकर, एक नाम है सिर्फ़ तुम्हारा
और तुम्हारी मंगल आरति से गूँजा मन का चौबारा
हो ध्यानस्थ, तुम्हारे चित्रों से रँगकर नैनों के पाटल
गाता रहा तुम्हीं को केवल, मेरी धड़कन का इकतारा

किन्तु न तुमने एक सुमन भी अपने हाथों दिया मुझे है
जबकि तुम्हारे नाम-रूप की देहरी तीरथधाम हो गई

आशीषों की अनुभूति को मिला नीड़ न अक्षयवट का
तॄषित प्राण की तॄष्णाओं को, देखा, हाथ रूका मधुघट का
दूर दिशा के वंशीवादक ! तान जहां सब विलय हो रहीं
आज उसी बस एक बिन्दु पर सांसों का यायावर अटका

स्वर था दिया, शब्द भी सौंपे, और न अब गीतों का ॠण दो
एक बात को ही दोहराते अभिव्यक्तियां विराम हो गईं

अनुभूति को अहसासों को, बार बार पिंजरे में डाला
एक अर्थ से भरा नहीं मन, अर्थ दूसरा और निकाला
आदि-अंत में धूप-छाँह में, केवल किया तुम्हें ही वर्णित
अपने सारे संकल्पों में मीत तु्म्हें ही सदा संभाला

मिली तुम्हारे अनुग्रह की अनुकम्पा, शायद इसीलिये तो
सावन की काली मावस्या, दोपहरी की घाम हो गई

कितने गीत और लिखने हैं ?

नव वर्ष २०२४

नववर्ष 2024  दो हज़ार चौबीस वर्ष की नई भोर का स्वागत करने खोल रही है निशा खिड़कियाँ प्राची की अब धीरे धीरे  अगवानी का थाल सजाकर चंदन डीप जला...