सितम्बर का तीसरा सप्ताह

तीजे सप्ताह सितम्बर के  सूरज की गर्दन झुक जाती
तो तिरछी हुई भवों वाला गुस्सा ठडा होने लगता
दिन अकड़े हुये पसारे थे पांवों को सीमा के बाहर
उनका कद अपनी सीमा में वापिस आकर भरने लगता
 
अठखेली करते हुये पवन के झोंके दिशा बदलते हैं
उत्तर से उड़ी पतंगों की डोरी थामे आ जाते हैं
तो सिहरन से बजने लगती है जल तरंग मेरे तन में
अधरों के चुम्बन प्रथम मिलन के यादों में भर  जाते हैं
 
घर के बाहर पग रखते ही ठंडक में डूबे झोंके कुछ
मेरे गालों को हाथ बढ़ा कर हौले से छू लेते हैं
तो झंकृत होते स्पंदन से आवृतियां बढ़ती धड़कन की
तब  गुल्मोहर के तले हुये भुजबन्धन फिर जी लेते हैं
 
पानी में गिरे दूध जैसी धुंधली दोशाला को ओढ़े
अलसाई  भोर उबासी ले रह रह लेती है अँगड़ाई
घुलते हैं प्रथम आरती के स्वर जैसे सभी दिशाओं में
जीवित  हो कदम बढ़ाती है गति की फिर नूतन तरुणाई
 
आंखों के आगे उगे दिवस की खींची हुई रूपरेखा
के खाली खाली सब खाने  लगता खुद ही भर जाते हैं
तो साथ तुम्हारे जो बीते, उन सुखद पलों के स्वर्णचिह्न
संध्या तक की दीवारों पर बन भित्तिचित्र जड़ जाते हैं

गीतमय करने लगा हूँ

आपका ये तकाजा लिखूँ गीत मैं कुछ नई रीत के कुछ नये ढंग के
ज़िन्दगी की डगर में जो बिखरे पड़े, पर छुये ही नहीं जो गये रंग के
मैने केवल दिये शब्द हैं बस उन्हें सरगमों ने बिखेरा  जिन्हें ला इधर
कामना शारदा बीन को छोड़ कर राग छेड़े नये आज कुछ चंग पे
 
 
 
--------------------------------------------------------
 
था कहा तुमने मुझे यह ज़िन्दगी है इक कहानी
हर कड़ी जिसमें निरन्तर रह रही क्रम से अजानी
एक लेखक की कथानक के बिना चलती कलम सी
चार पल रुक, एक पल बहती नदी की बन रवानी
 
मैं तुम्हारे इस कथन की सत्यता स्वीकार करता
अनगढ़ी अपनी कहानी गीतमय करने लगा हूँ
 
चुन लिया अध्याय वह ही सामने जो आप आया
दे दिया स्वर बस उसी को, जो अधर ने गुनगुनाया
अक्षरों के शिल्प में बोकर समूची अस्मिता को
तुष्टि उसमें ढूँढ़ ली जो शब्द ने आ रूप पाया
 
जो टपकती है दुपहरी में पिघल कर व्योम पर से
या निशा में, मैं उसी से आँजुरी भरने लगा हूँ
 
रात की अंगड़ाईयां पुल बन गईं हैं जिन पलों का
आकलन करती रहीं आगत,विगत वाले कलों का
बुन रहे सपने धराशायी हुई हर कल्पना पर
हैं अपेक्षा जोड़ती ले बिम्ब चंचल बादलों का
 
ज्ञात होना अंकुरित नव पल्लवों का है जरूरी
इसलिये मैं आज पतझर की तरह झरने लगा हूँ
 
चेतना के अर्थ से क्या दूरियाँ अवचेतना की
मुस्कुराहट से रही कब दूरियाँ भी वेदना की
शाश्वतों से भंगुरों के मध्य में है भेद कितना
मौन से कितने परे हैं दूरियां संप्रेषणा की
 
देर तक छाया नहीं मिलती,  हवा की ओढ़नी से
मैं इसे स्वीकार करता धूप में तपने लगा हूँ-

रंग भरने से इनकार दिन कर गया

एक भ्रम में बिताते रहे ज़िंदगी
यह न चाहा कभी खुद को पहचानते 
 
मन के आकाश पर भोर से सांझ तक 
कल्पनाएँ नए चित्र रचती रहीं 
तूलिका की सहज थिरकनें थाम कर
कुछ अपेक्षाएं भी साथ बनती रहीं 
रंग भरने से इनकार दिन कर गया
सांझ के साथ धुंधली हुई रेख भी 
और मुरझा के झरती अपेक्षाओं को 
रात सीढी  उतरते रही देखती 
 
हम में निर्णय की क्षमताएं तो थी नहीं 
पर कसौटी स्वयं को रहे मानते 
 
चाहते हैं करें आकलन सत्य का 
बिम्ब दर्पण बने हम दिखाते रहें 
अपने पूर्वाग्रहों  से न होवें ग्रसित 
जो है जैसा  उसे वह बताते रहें 
किन्तु दीवार अपना अहम् बन गया 
जिसके साए में थी दृष्टि  धुंधला गई 
ज्ञान  के गर्व की एक मोटी परत 
निर्णयों पर गिरी धुल सी छा  गई 
 
स्वत्व अपना स्वयं हमने झुठला दिया
ओढ कर इक मुलम्मा चले शान से 
 
जब भी चाहा धरातल पे आयें उतर 
और फिर सत्य का आ  करें  सामना 
तर्क की नीतियों को चढा ताक पर 
कोशिशें कर करें खुद का पहचानना 
पर मुखौटे हमारे चढाये हुए
चाह कर भी न हमसे अलग हो सके 
अपनी जिद पाँव अंगद का बन के जमी 
ये ना संभव हुआ सूत भर हिल सके 
 
ढूँढते रात दिन कब वह आये घड़ी 
मुक्त हो पायें जब अपने अभिमान से 

गीत के फूल जो पाँव में आ गिरे


मैं प्रतीक्षा लिए अनवरत हूँ खडा 
पंथ के इक अजाने उसी मोड पर 
तुम गए थे हवाओं की उंगली पकड 
एक दिन जिस जगह पर मुझे छोड कर 
 
आस का दीप हर दिन जला फिर बुझा 
वर्त्तिका की मगर मांग सूनी रही 
आतुरा दृष्टि की भटकनें थरथरा
वक्त के साथ चल होती दूनी रही 
अटकलों के विहग मन के आकाश पर 
हर घड़ी पंख थे फ़डफ़डाते रहे 
मेघ के साथ सन्देश भेजे हुए 
धुप के साथ में लौट आते रहे 
 
जानता चाहते लौटना तुम इधर 
किन्तु संभव नहीं व्यूह कोई तोड़कर 
 
कल्पना के बनाता रहा चित्र, निज 
कैनवस पर दिवस रोज आता हुआ 
सांझ ढलते हुए, तीर बन कर चुभा 
रंग उनमें निराशा का भरता हुआ 
चांदनी रात की रश्मियाँ,बिजलीयाँ
बन के अंगनाई पे मन की गिरती रहीं 
सांवली बदलियाँ नैन के व्योम में 
मौसमों के बिना आके तिरती रहीं 
 
यह गणित आया मेरी समझ में नहीं 
कर, घटा भाग देखा गुणा जोड  कर 
 
प्यार मदिराई गति के पगों की तरह
डगमगाते हुए साथ चलता रहा 
वक्त दरजी बना, भावना के फ़टे
वस्त्र सींते  हुए नित्य छलता रहा 
देव की मूर्तियों से रहे दूर तुम
कक्ष में कैद हो मंदिरों में घिरे 
एक भी तुमने बढ कर उठाया नहीं
 गीत के फूल जो पाँव में आ गिरे 
 
भाग्य की छाँव भी स्पर्श हो न सकी
मुझसे आगे निकलता रहा होड कर 
 

व्याकरण के खोलते हो द्वार जिनसे

कल्पना के जिस क्षितिज से शब्द यह तुमने बटोरे
बाँध लाये सन्दली जिस वाटिका से यह झकोरे
कुछ पता उनका हमें भी मित्र बतलाऒ कृपा कर
रख सकें हम शब्द अपने इस तरह से फिर सजा कर
 
सीखना तो है बहुत पर कोष क्षमता का तनिक सा
धैर्य रख कर तुम हमें बस नित्य सिखलाते रहो ना.
 
कुंजियां वे व्याकरण के खोलते हो द्वार जिनसे
कूचियां वे घोलते हो शब्द में ला स्वर्ण जिनसे
अंश उनका दो हमें या दो तनिक परछाईं ही बस
बुन सकें हम भी जरा सा शब्द में कोई मधुर रस
 
ज्ञात तुमको ज्ञात हमको मन निरा बंजर हमारा
किन्तु बन कर धार नदिया की हमारे पर बहो ना
 
ला सहज मधुपर्क हर इक बात में तुम घोलते जो
सरगमें जिनमें पिरोकर शब्द तुम हो बोलते जो
बून्द इक, आरोह औ अवरोह दो थोड़ा हमें भी
पा सकें रज एक कण अभिव्यक्तियों की देहरी की
 
जानते यह    झोलियाँ    संकीर्ण हैं सारी हमारी 
पर हमारी प्राप्ति की लघुताओं    को थोडा सहो ना 
 
भावना के जिस घने वटवृक्ष की तुम छांव देते
नाव जिसको कल्पना के सिन्धु में  तुम नित्य खेते
वे हमारे परिचयों के सूत्र से भी जोड  दो अब
कर सकें सामीप्य उनका  हम तनिक तो प्राण ! अनुभव
 
पंथ है लम्बा दिशायें   हैं सभी    हमसे अजानी
बोध देने तुम हमारी     बाँह को आकर गहो ना

पृष्ठ उनके खोलते हैं

जानते हो मीत ! सुधियों की घनी अमराईयों में
याद के पाखी निरन्तर डाल पर आ बोलते हैं
रख दिया था ताक पर मन ने उठा जिन पुस्तकों को
फ़ड़फ़ड़ाकर पंख अपने, पृष्ठ उनके खोलते हैं
 
संधियो पर उम्र की, जो चित्र खींचे थे कमल पर
राह में जो चिह्न छोड़े  लड़खड़ाने से संभल कर
दृष्टि के गुलमोहरों ने रात दिन जो सूत काते
अनकहे अनुबन्ध की कुछ पूनियों को आप वट कर
 
पृष्ठ से रंगीन बीती सांझ की अंगड़ाईयों के
रंग लेकर फ़िर हवा की लहरियों में घोलते हैं
 
वे सुनहरे पल कि जब संकल्प था आकाश छू लें
कर सकें चरितार्थ गाथायें,बढ़ा पग नाप भू लें
कल्पना की दूरियों को मुट्ठियों में भर समेटें
इन्द्रधनुषों के हिंडोले पर हवा के साथ झूलें
 
मन उमंगों की कटी पाँखें निहारे मौन गुमसुम
खोज लेने को गगन जब वे परों को तोलते हैं
 
करवटें लेकर समय ने दृश्य कितनी बार बदले
चाहना थी आगतों का अनलिखा हर पृष्ठ पढ़ ले
मोड़ ले अनुकूल कर धाराओं का निर्बाध बहना
हर दिवस को फूल की पांखुर, निशा को ओस कर ले
 
कामनायें पत्र कदली के बने लहरायें जब जब
वे नियति के चक्र बन कर बेर के सम डोलते हैं

याद की कुछ खिड़कियाँ खोलें


चलो हम आज फिर से याद की कुछ खिड़कियाँ खोलें 
 
चलो देखें वही बस की प्रतीक्षा का सुनहरा पल 
जहां थी उड गई सहसा तुम्हारी चूनरी धानी 
गई  थी छू कपोलों को मेरे बन पंख तितली के 
कहा था कुछ,हुई मुश्किल वे सब बातें समझ पानी 
 
वही इक दृश्य सपना कर नयन में आँज  कर सो लें 
 
पलट कर पृष्ठ वे खोलें नदी के रेतिया तट पर 
लिखी थी पाँव के नख ने इबारत कोई धुंधली सी 
किया इंगित टहोके से मुझे छू कर ज़रा हौले 
बदन  पर तैरती अब भी छुअन उस एक उंगली की 
 
अधर फिर फिर यही कहते उसी अनुभूति के हो लें 
 
चलो फिर खींच लें हम कैनवस पर गुलमोहर वोही
उगा था जो कपोलों पर तुम्हारे, दृष्टि चुम्बन से
छिड़ी जो थरथराहट से अधर की, जल तरंगों सी
उसे हम जोड़ लें मन कह रहा है आज धड़कन से
 
इन्हें हम डोरियों में दृष्टि की फिर से चलो पो लें

तुम्हारे तन की गंध चूम आई है

बहकी हुई हवा से पूछा मैंने भेद लडखडाहट का 
तो बोली वह मीत ! तुम्हारे तन की गंध चूम आई है 
 
पुष्पवाटिका से अमराई तक की गलियाँ घूम घूम कर 
क्यारी क्यारी में मुस्काती कलियों का मुख चूम चूम कर 
बहती हुई नदी की धाराओं से बतियाते बतियाते 
संदल की शाखों  पर करते नृत्य मगन मन झूम झूम कर 
 
डलिया भर भर कर बिखेरते मग्न ह्रदय की मुदित उमंगें 
फगुनाहट की रंगबिरंगी चुनरिया फिर लहराई है 
 
धुआँ  अगरबत्ती का लेकर मंदिर की चौखट से आई 
फिर समेट लाई बांहों में गुलमोहर वाली अँगडाई 
पांखुर पांखुर से गुलाब की कचनारों की पी सुवास को 
लगी देखने अपनी छाया में फिर अपनी ही परछाईं 
 
परछाईं के नयनों में भी बिम्ब तुम्हारा ही देखा तो
 सम्मोहित हो रुकी लगा ज्यों सुधि बुधि  पूरी बिसराई है  
 
देहरी  पर आ छाप अधर की लगी छोडने वो मुस्काकर 
कमरे की दीवारें चूमी अपनी चुनरिया लहराकर 
झोंकों के गलहारों मॆं की बंद  कल्पनाॐ की छाया 
मंजरियों की जल तरंग पर अपनी पैंजनिया खनका कर  
 
अमराई में गाती कोयल के स्वर को आधार बना कर 
सारंगी से नए सुरों में,नई  रागिनी बजवाई  है 

जय जयति वीणापारिणी


जय जयति जय माँ शारदा जय जयति वीणापारिणी 
भाषा स्वरा जय अक्षरा ,जय श्वेत शतदल वासिनी 
जय मंत्र रूपा, वेद   रूपा जयति  स्वर व्यवहारिणी
माँ  पुस्तिका, माँ कंठ स्वर,मां रागमय सुर रागिनी 
 
वन्दे अनादि शक्ति पूंजा, ज्ञान अक्षय निधि नमो 
स्वाहा स्वधा मणि  मुक्त माला रूपिणी चितिसत  नमो 
मानस कमल की चेतना, कात्यायनी शक्ति नमो 
हे धवल वसना  श्वेत रूपा प्राण की प्रतिनिधि नमो 
 
इंगित तेरा संचार प्राणों का सकल जग में करे 
तेरे अधर की एक स्मित हर मेघ संकट का हरे 
तेरे वरद आशीष का कर छत्र जिसके सर तने
भवसिन्धु की गहराइयां वह पार पल भर में करे 
 
सुर पूजिता, देव स्तुता, हे यज्ञ की देवी नमो 
हे सर्जना , हे चेतना  हे भावना तत्सम नमो 
हे शेषवर्णित नित अशेषा, आदि की जननीनमो
हे कल्पना की, साधना की प्रेरणा नित नित नमो

बात हो चाहे कितनी पुरानी कहूँ

 
 
दीप बन कर नयन में जले जो सपन
आज तुमसे उन्हीं की कहानी कहूँ
पीर जो होंठ को अब तलक सी रही
बात उसकी उसी की जुबानी कहूँ
 
पोर की मेंहदियों ने छुये बिन कभी
बात गालों  पे लिख दी मचलते हुए
एक मौसम बिताया समूचा उसे
ध्यान देकर तनिक सा, समझते हुए
पर लिखी मध्य में शब्द के जो कथा
उसका वृत्तांत आया समझ में नहीं
यूँ लगा जितना अब तक समझ पढ़ सके
उससे दुगना उसी में छुपा है कहीं
 
कितनी गाथायें हैं,ग्रंथ कितने बने
जब कपोलों ने पाई निशानी कहूँ
 
एक चितवन छिटक ओढ़नी से जरा
द्वार नयनों के आ खटखटा कर गई
सांवरी बदलियों की थीं सारंगिया
पास आकत जिन्हें झनझना कर गई
कंठ का स्वर तनिक शब्द को ढालता
पूर्व इससे हवायें उड़ा ले गईं
कमसिनी गंध के मंद आभास सी
उंगलियां एक प्रतिमा छुआ  के गई
 
इस नये रूप में इक नये ढंग में
बात हो चाहे कितनी  पुरानी कहूँ
 
बिम्ब वे फिर सभी अजनबी हो गये
जुड़ न पाई कहीं कोई पहचान भी
एक अपनी कसक जो सदा संग थी
वो भी ऐसे मिली जैसे अनजान थी
टूट बिखरी हुई आरसी कोशिशें
कर थकी एक तो चित्र उपहार दे
तार टूटे हुए बोलने लग पड़ें
उंगलियां  ढूंढते वे  जो झंकार दे
 
एक सूनी प्रतीक्षा लिये आँख में
किस तरह बीती सारी जवानी कहूँ

नव वर्ष २०२४

नववर्ष 2024  दो हज़ार चौबीस वर्ष की नई भोर का स्वागत करने खोल रही है निशा खिड़कियाँ प्राची की अब धीरे धीरे  अगवानी का थाल सजाकर चंदन डीप जला...