चन्दन लेप लगाया किसने

सावन की पहली बयार का झोंका है या गंध तुम्हारी
मेरे तप्त ह्रदय पर आकर चन्दन लेप लगाया किसने

खुले हुए अम्बर के नीचे जलती हुई धूप आषाढ़ी
धैर्य वॄक्ष पर रह रह गिरती, अकुलाहट की एक कुल्हाड़ी
स्वेद धार को धागा करके, झुलसे तन को बना चदरिया
विरह-ताप की, कलाकार ने रह रह कर इक बूटी काढ़ी

पर जो मिली सांत्वना यह इक प्यार भरी थपकी बन बन कर
मैं रह गया सोचता मुझ पर यह उपहार लुटाया किसने

टूटी शपथों की धधकी थी दग्ध ह्रदय में भीषण ज्वाला
और उपेक्षाओं ने आहुति भर भरकर घी उसमे डाला
विष के बाण मंत्र का ओढ़े हुए आवरण चुभे हुए थे
घेरे था अस्तित्व समूचा, बढ़ता हुआ धुंआसा काला

सुर सरिता सिंचित किरणों से ज्ञान-प्रीत का दीप जला कर
मन पर छाई गहन तमस को आकर आज हटाया किसने

गूँज रहा था इन गलियों में केवल सन्नाटे का ही स्वर
अट्टहास करता फिरता था, पतझड़ का आक्रोश हो निडर
फ़टी विवाई वाली एड़ी जैसी चटकी तॄषित धरा पर
पल पल दंश लगाता रहता था अभाव का काला विषधर

थे मॄतप्राय ,सभी संज्ञा के चेतन के पल व अवचेतन
सुधा पिला कर फिर जीने का नव संकल्प सजाया किसने

आप - एक अंतराल के पश्चात पुन:

आपकी देख परछाईयाँ झील में, चाँदनी रह गयी है ठगी की ठगी
आप बोले तो मिश्री की कोई डली, फ़िसली होठों से ज्यों चाशनी में पगी
मुस्कुराये तो ऐसा लगा है गगन आज बौछार तारों की करने लगा
नैन जैसे खुले, आस के रंग में डूब कर कल्पनायें उमगने लगीं

-०-०-०-०-०-०-०-०-०-०-०-०-०-०-०-

आपकी दॄष्टि की रश्मियों से जगे, बाग में फूल अँगड़ाई लेते हुए
सावनी मेघ घिरने लगे व्योम में, आपके कुन्तलों से फ़िसलते हुए
साँस की टहनियाँ थाम कर झूलतीं, गुनगुना मलयजी होती पुरबाइयाँ
नैन की काजरी रेख से बँध गये, सुरमई सांझ के बिम्ब ढलते हुए

-०-०-०-०-०-०-०-०-०-०-०-०-

मन अब ये हो गया मरुस्थल

टूट गईं वे चन्दन कलमें, जो चित्रित गीतों को करतीं
फूल न अब खिलते शब्दों के मन मेरा हो गया मरुस्थल

कुंठाओं की अमरबेल ने घेरी भावों की फुलवारी
जली प्यास से सुलग रही है, संबंधों की सूनी क्यारी
सौगंधों के डंक विषैले फिर फिर दंश लगा जाते हैं
चुभती है रह रह सीने में तपी याद की एक कटारी

आशाओं की झीलों पर यूँ जमी हुईं काई की परतें
कितने भी पत्थर फ़ेंको, अब होती नहीं तनिक भी हलचल

त्रिभुज बनी हैं विद्रोहित हो, हाथों की सारी रेखायें
पल पल कुसुमित होती रहतीं, मन में उगती हुई व्यथायें
बरसी हुई निराशा पीकर,हो जाता बोझिल सन्नाटा
गठबंधन हैं किये जेठ से, जो सावन की रही घटायें

दिशाभ्रमित पग आतुर, कोई मिले राह से जो अवगत हो
लेकिन मुझको पता पूछती मिली सिर्फ़ पगडंडी पागल

नयनों का हर मोती, हंसा बन कर पीड़ा ने चुग डाला
पथ का हर इक दीप, तिमिर का बैठा ओढ़े हुए दुशाला
अनुभूति पर गिरी अवनिका, अभिव्यक्ति ने खोई वाणी
निशा-नगर से मिला, आस के हर सपने को देश निकाला

बंजर हुई भावनाओं की, प्राणों से सिंचित अमराई
गिरे पथिक को अब राहों में देता नहीं कोई भी संबल

सुधि की पुस्तक का हर पन्ना, फ़टा और उड़ गया हवा में
कोष लूट ले गये लुटेरे, छुप कर माँगी हुई दुआ में
रही टपकती उम्र पिघल कर, माँग प्रतीक्षा की सूनी ही
और उपेक्षित सन्दर्भों पर वापिस पड़ती नहीं निगाहें

तोड़ चुकी दम, हर वह दस्तक, जिसमें स्वाद दिलासे का था
सिर्फ़ शेष है दर्द पुराना, खड़काता आ आकर साँकल

आप जिसकी अनुमति दें

एक मुट्ठी में लिये हूं गीत, दूजी में गज़ल है
आप जिसकी दें मुझे अनुमति, वही मैं गुनगुनाऊं

प्रीत के पथ से चली पुरवाई की चन्दन कलम से
गंध की ले रोशनाई , छंद में लिखता रहा हूँ
भोर की पहली किरण के स्वर्ण में मणियां पिरोकर
भाव के आभूषणों को शिल्प में जड़ता रहा हूँ
नैन झीलों में हिलोरें ले रहीं हैं जो तरंगें
वे बनी हं आप ही आ गीत की मेरे रवानी
तितलियों के पंख पर जो हैं कली के चुम्बनों ने
लिख रखीं.दोहरा रहा हूँ शब्द से मैं वह कहानी

जो मधुप गाता रहा है वाटिका की वीथियों में
आपका आदेश हो तो रागिनी मैं, वह सुनाऊं

शब्द जो गणगौर के तैरे गुलाबी वीथियों में
मैं उन्हें क्रमबद्ध कर अशआर की जागीर देता .
घूँघटों से छन रही हैं जो निरन्तर ज्योत्सनायें
वे हुईं हैं भावभीनी नज़्म की हरदम प्रणेता
पैंजनी का सुर, मिला संगीत पीतल के कलश का
नाचता है जोड़ कर आवाज़ अपनी कंठ स्वर से
झिलमिलाती ओढ़नी, गोटे जड़ी उड़ती हवा में
ढल गई है शेर में हर एक वह मेरी गज़ल के

ताल के बिन जो अभी तक अनकही ही रह गईं है
आप कह दें तो गज़ल उस से अधर को थरथराऊँ

छैनियों ने पत्थरों पर जिन कथाओं को तराशा
वे कथायें बन गई हैं गीत की संवेदनायें
पॄष्ठ पर इतिहास के जो दीप अब भी प्रज्वलित हैं
दीप्तिमय करते रहे हैं अर्चना आराधनायें
हर अधूरी रागिनी को पूर्ण करते बोल जो भी
वे बने हैं मंत्र पूजा के तपों में साधकों के
आस की ले कूचियां विश्वास की मधुरिम विभा से
रँग रहे श्रुतियाँ अनेकों ला अधर पर पाठकों के

बन ॠचायें छंद की बिखरे पड़े हैं सामने सब
आपका जिस पर इशारा हो उसी को मैं उठाऊँ

जानता संभव कसौटी गीत अस्वीकार कर दे
और गज़लों के वज़न में संतुलन की खामियाँ हों
हाथ असफ़लता लगे जब शिल्प की अन्वेषणा में
और भावों के कथन में अनगिनत नाकामियाँ हों
किन्तु मेरे मीत जो मेरे अधर पर काँपते हैं
वह गज़ल या गीत जो हैं आप ही के तो लिये हैं
जो कमी है या सुघड़ता, आप ही की प्रेरणा है
शब्द जितने पास थे सब आप ही के हो लिये हैं

स्वर मेरे, अक्षर मेरे बस एक संकुल के प्रतीक्षित
जब मिले, मैं पूर्णता की ओढ़ चादर मुस्कुराऊँ

आप जो आदेश दें मैं आपको अब वह सुनाऊँ

फूल की गंध में चाँदनी घोल कर

कैनवस पर गगन के लिखा भोर ने
नाम प्राची की जो खिड़कियां खोलकर
रश्मियों ने उसे रूप नव दे दिया
बात उषा के कानों में कुछ बोलकर
आप के चित्र में आप ही ढल गया
आज मेरे नयन के क्षितिज पर तना
रंग भरता हूँ मैं भोर से सांझ तक
फूल की गंध में चाँदनी घोल कर

गीत हो यह कब जरूरी

गीत हो, यह कब जरूरी शब्द जो आये अधर पर
लेखनी का छोड़ते हैं हाथ, कह ये बात अक्षर
भावनायें रह गईं अक्सर अधूरी ही, उमड़ कर

छंद में बँधना कहाँ हर शब्द की किस्मत हुई है
और कब तक भाव को एकाग्रता के तार बाँधें
भार होता एक सा कब? पल विरह का, पल मिलन का
इक सुमन सा, दूसरे का ढो न पाते बोझ कांधे

हर दफ़ा चित्रित न होतीं तूलिकायें कैनवस पर
गीत हो, यह कब जरूरी शब्द जो आये अधर पर

है जरूरी कब? घटा जब जब घिरे, हर बार बरसे
तीर जो संधान हो हर एक , पा जाये निशाना
और नदिया बँध किनारों में सदा बहती रहेगी
मुस्कुराये हर दिवस ही बाग में मौसम सुहाना

या निशा की पालकी में चाँद आये नित्य नभ पर
गीत हो, यह कब जरूरी शब्द जो आये अधर पर.

पायलों में झनझनाना घुंघरुओं की नियति यद्यपि
शर्त लेकिन् है नहीं हर नॄत्य में वे गुनगुनायें
साज का है सरगमों से ज्न्म, का अनुबन्ध चाहे
ये नियम भी तो नहीं हर राग में वो गीत गाये

सांझ की दुल्हन न आती नित्य ही बन कर संवर कर
गीत ही हो कब जरूरी शब्द जब आये अधर पर

स्वाति के मेघ घिरते नहीं

सांझ ढलने लगी और बढ़ने लगी
ढेर एकाकियत जब मेरे कक्ष में
सैंकड़ों चित्र आकर उमड़ने लगे
सात रंगों में रँगकर मेरे अक्ष में

पीठ अपनी तने से सटा, नीम की
छांह में बैठ पढ़ते किताबें कभी
तो क्भी दोपहर की पकड़ चूनरी
गीत बादल के संग गुनगुनाते हुए
वाटिका में लिये टोकरी फूले की
अर्चना के लिये पुष्प चुनते हुए
तो कभी बैठ मनिहारियों के निकट
चूड़ियों से कलाई सजाते हुए

सहसा जागे हुए, याद की नींद से
भाव भरने लगे कुछ नये, वक्ष में

चित्र इक गुलमोहर से सजी पगतली
कुन्तलों में मदन आ गमकता हुआ
औ’ कपोलों को आरक्त करता हुआ
स्वप्न कोई फ़िसल नैन की कोर से
बन के अलगोजा दांतों से बातें करे
एक चंचल कलम, उंगलियों में उलझ
कल्पना लेके अंगड़ाई उड़ती हुई
बँध उमंगों भरी रेशमी डोर से

एक मोहक लजीली लिये स्मित अधर
रिक्त करते हैं संचय कलादक्ष में


षोडशी सांझ की चौखटों को पकड़
है प्रतीक्षा बनी एक चातक विहग
स्वाति के मेघ घिरते नहीं नित्य हैं
प्यास के किन्तु कीकर हुए सावनी
ओढ़नी में समेटे निशा ले गई
आस का कोई सपना बढ़ा जो इधर
भोर से दोपहर तक, सभी हो गईं
एक बोझिल उदासी की अनुगामिनी

काल के चक्र से जितने पल हैं मिले
चार-छह भी नहीं हैं मेरे पक्ष में

आमंत्रण है उद्घाटन का

मीत ! ह्रदय की अँगनाई में मैने जो निर्माण किया है
उसका उद्घाटन करने को आज तुम्हें आमंत्रण भेजा

पत्थर लिये भावनाओं के, मन मकराना की खानों से
पच्चीकारी की है उन पर कोयल की मधुरिम तानों से
एक अनूठी लगन रोप कर रखी हुई आधार शिलायें
जिन्हें मांग कर लाया हूँ मैं, इतिहासों के दीवानों से

एक तपस्वी के दॄढ़ निश्चय सी दीवारों से आरक्षित
मंदिर में बस एक तुम्हारी ही प्रतिमा को रखा सहेजा

प्राची की अँगड़ाई लेकर भित्तिचित्र हर ओर बनाये
अनुभूति के फूल द्वार पर वंदनवार बना लटकाये
भावुकता के निमिष पिरोकर रँगी अल्पनाऒं से देहरी
नयनों के सतरंगी सपने कालीनों की तरह बिछाये

और तुम्हारी छवियों वाले रंग लिये फूलों को रंगता
फुलवाड़ी की हर क्यारी में मन का ये पागल रँगरेजा

सौगंधों की कड़ियां जोड़ीं विश्वासों के शहतीरों से
रखी आस्थाओं की छत पर निष्ठाओं की ज़ंज़ीरों से
साधी कंदीलों में ज्योतित मैने किया साधनाओं को
राहें दीप्तिमान कीं सारी , सम्बन्धों की प्राचीरों से

अगवानी की थाली में रख कर सर्वस्व हुआ संकल्पित
मीत मेरे यह सब कुछ तेरा, जो चाहे वह आकर लेजा

चन्दन की गंधें टाँगी है लाकर मैने वातायन पर
पुरबाई के नूपुर मेंने जड़े हुए खिड़की की सिल पर
जूही की कलियों के परदों में गुलाब की पंखुरियों को
एक तुम्हारा स्वागत करने को लटकाया हर चौखट पर

और तुम्हारी गलियों से जो चला, हवा के हर झोंके से
कहा, तुम्हारे पग उठते ही आकर के संदेसा दे जा

रात भर मैने बुने हैं

रात के दरवेश से हर रोज यह कहते सवेरे
रात भर मैने बुने हैं ओ निमग्ने गीत तेरे

पंखुड़ी में फूल की, रख केसरों की वर्त्तिकायें
गंध चन्दन में डुबो अपने ह्रदय की भावनायें
पारिजाती कामना के पुष्प की माला पिरोकर
एक तेरी प्रियतमे करता रहा आराधनायें

तूलिका ने हर दिशा में रंग जितने भी बिखेरे
प्राण सरिते ! देखता हूँ उन सभी में चित्र तेरे

शब्द तेरे नाम वाला अर्चना का मंत्र बन कर
भोर मे संध्या निशा में, हर घड़ी रहता अधर पर
धड़कनों की ताल पर जो नॄत्य करती रागिनी है
सांस हर गतिमान है उसके थिरकते एक स्वर पर

आहुति की आंजुरि मं आ गया संचय समूचा
सप्तरंगी रश्मियों के साथ शरमाते अँधेरे

ज्ञात की अनुभूतियों में तुम, मगर अज्ञात में भी
व्योम में, जल में, धरा में, अग्नि में तुम, वात में भी
तुम विधि ने भाल पर जो लिख रखी है वो कहानी
बिन्दु तुम हो ज़िन्दगी का केन्द्र, रेखा हाथ की भी

चेतना की वीथियों में रूप इक विस्तार पाकर
चित्र में ढल कर तुम्हारे रँग रहा अहसास मेरे

ओ पिया ओ पिया

जाने किसके बदन की उड़ी गंध को
पीके झोंका हवा का मचलता हुआ
मेरे सीने से आकर लिपतते हुए
कह रहा, ओ पिया! ओ पिया ! ओ पिया

ताल के मध्य में एक जलकुंड से
सूर्य के बिम्ब की रश्मियां थाम कर
छांह से पत्तियों की फ़िसलते हुए
लिख रहा नाम अपना मेरे नाम पर
उंगलियों से हथेली की रेखाओं में
जाने क्या ढूँढ़, महसूस करता हुआ
इक सुहाना मधुर पल ज्यों अहसास का
अधखुली मुट्ठियों में जकड़ता हुआ

फूल की पांखुरी की किनारी पकड़
पत्र पर बादलों के लगा लिख दिया
ओ पिया, ओ पिया, ओ पिया, ओ पिया

वादियों में शिखर से उतरता हुआ
भोर की घंटियों से उठा जाग के
और पगडंडियों के किनारे खड़ी
दूब को देता संदेश अनुराग के
मलयजी ओढ़नी को लपेटे हुए
ढल रही सांझ जैसा लजाता हुआ
कोयलों के सुरों की पिरो रागिनी
कंठ में अपने, वंशी बजाता हुआ

कसमसाती हुई एक अँगड़ाई सा
बन के पारा मचलता हुआ बह दिया
ओ पिया, ओ पिया, ओ पिया, ओ पिया

स्वप्न की वीथियों में टपकती हुई
चाँदनी में भिगो पांव धरता हुआ
ओस के पद सी कोमल लिये भावना
मुझको छूते हुए कुछ सिहरता हुआ
गुनगुनाते हुए एक संदेस को
साज की तंत्रियों में पिरोये हुए
वेणियों में संवरते हुए पुष्प की
गंध को, अंक अपने समेटे हुए

भोर के द्वार पर देके आवाज़ फिर
नाम रांगोलियों में रँगा, रख दिया
ओ पिया, ओ पिया, ओ पिया, ओ पिया

नव वर्ष २०२४

नववर्ष 2024  दो हज़ार चौबीस वर्ष की नई भोर का स्वागत करने खोल रही है निशा खिड़कियाँ प्राची की अब धीरे धीरे  अगवानी का थाल सजाकर चंदन डीप जला...