बस घटा रो गई
ताल पर धड़कनों की नहीं बज सकीं
सांस की सरगमें लग रहा सो गईं
शब्द ने कल भी चूमा नहीं था इन्हें
अधलिखे रह गये पॄष्ठ सब आज भी
कोई परछाईं तक भी नहीं दिख सकी
वीथियों में भटकते हुए याद की
मन के दर्पण में छाई हुई धुंध में
सारे आकार घुलते हुए खो गये
उनके अंकुर न फूटे बदल ॠतु गईं
बीज जो थे ह्रदय में कभी बो गये
शून्य बन कर दिवाकर क्षितिज पर उगा
रोशनी अपनी पहचान तक खो गई
स्वप्न की कूचियां, चित्र कल के बनें
कोशिशों में उलझ्ती हुई रह गईं
फूल सूखे किताबों में मिल न सके
आंधियों में सभी पांखुरी उड़ गईं
गंध को पी गई, वक्त की इक हवा
छाप होठों की रूमाल से धुल गई
विस्मॄति के अंधेरे घने साये में
आकॄति मन में जितनी बसीं घुल गईं
और सावन की राहों से बिछुड़ी हुई
चार आंसू, घटा एक आ रो गई
फिर घिरे संशयों के कुहासे घने
धुन्ध में डूब कर पंथ सब रह गये
आज निष्ठा हुई बुझ चुके दीप सी
शेष संकल्प थे जो सभी बह गये
मौसमों ने चुरा रंग वनफूल के
घाटियों पर घनी पोत दीं स्याहियां
तूलिका रंग सिन्दूर के ढूँढ़ते
है भटकती फिरी आठ अँगनाईया
बिम्ब अँगड़ाई लेकर लगे पूछने
प्रीत की अस्मिता अब किधर को गई



