अधूरी याद
चरखे का तकुआ और पूनी
बरगद के नीचे की धूनी
पत्तल कुल्लड़ और सकोरा
तेली का बजमारा छोरा
पनघट पायल और पनिहारी
तुलसी का चौरा,फुलवारी
पिछवाड़े का चाक कुम्हारी
छोटे लल्लू की महतारी
ढोल नगाड़े, बजता तासा
महका महका इक जनवासा
धिन तिन करघा और जुलाहा
जंगल को जाता चरवाहा
रहट खेत, चूल्हा व अंगा
फ़सल कटे का वह हुड़दंगा
हुक्का पंचायत, चौपालें
झूले वाली नीम की डालें
वावन गजी घेर का लहँगा
मुँह बिचका, दिखलाना ठेंगा
एक पोटली, लड़िया, छप्पर
माखन, दही टँगा छींके पर
नहर,कुआं, नदिया की धारा
कुटी, नांद, बैलों का चारा
चाचा ताऊ, मौसा मामा
जय श्री कॄष्णा, जय श्री रामा
मालिन,ग्वालिन,धोबिन,महरी
छत पर अलसी हुई दुपहरी
एक एक कर सहसा सब ही
संध्या के आँगन में आये
किया अजनबी जिन्हें समय ने
आज पुन: परिचित हो आये
वर्तमान ढल गया शून्य में
खुली सुनहरी पलक याद की
फिर से लगी महकने खुशबू
पूरनमासी कथा पाठ की
शीशे पर छिटकी किरणों की
चकाचौंध ने जिन्हें भुलाया
आज अचानक एकाकीपन, में
वह याद बहुत हो आया.



